पटना: बिहार की राजनीति में अहम भूमिका निभाने वाली राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने सोमवार को एक बड़ा संगठनात्मक निर्णय लेते हुए मंगनी लाल मंडल को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। इस नियुक्ति को पार्टी के भीतर नई ऊर्जा के संचार और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है।
अनुभव और निष्ठा का मिला इनाम
मंगनी लाल मंडल राजद के उन गिने-चुने नेताओं में से हैं जिन्होंने न सिर्फ दशकों तक पार्टी के साथ अपनी राजनैतिक निष्ठा बनाए रखी, बल्कि सामाजिक न्याय और वंचितों की आवाज़ को भी मजबूती से उठाया है। उनका राजनीतिक सफर बेदाग और समर्पण से भरा रहा है। पार्टी में विभिन्न जिम्मेदारियों को निभाते हुए उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। यही कारण है कि उनकी नियुक्ति को पार्टी में अनुभव और प्रतिबद्धता की पहचान के तौर पर देखा जा रहा है।
नए अध्यक्ष के सामने होंगी बड़ी जिम्मेदारियाँ
राजद के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मंगनी लाल मंडल के सामने कई चुनौतियाँ होंगी। इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव में संगठन को और भी सशक्त और धारदार बनाना, सभी वर्गों को साथ जोड़कर समावेशी रणनीति बनाना, विपक्ष के प्रहारों का करारा जवाब देना और पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुँचाना जैसी चुनौतियां शामिल हैं।
तेजस्वी यादव ने नए प्रदेश अध्यक्ष को मिठाई खिलाकर बधाई दी
https://x.com/yadavtejashwi/status/1934464292092612814

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने पार्टी के वरिष्ठ नेता मंगनीलाल मंडल को बिहार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर बधाई दी है। यादव ने इस नियुक्ति को “अतिपिछड़ा वर्ग” के किसी व्यक्ति को पहली बार किसी राजनीतिक दल में प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने का एक ऐतिहासिक कदम बताया। तेजस्वी यादव ने अपने ट्वीट में कहा, “निविरोध राजद का प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित होने पर आदरणीय श्री मंगनीलाल मंडल जी को मिठाई खिलाकर बधाई दी। उन्होंने कहा, “सर्वप्रथम किसी अतिपिछड़ा को प्रदेश अध्यक्ष बनाने का गौरव राजद को ही हासिल हुआ है।”
जगदानंद सिंह का आभार व्यक्त किया
तेजस्वी यादव ने निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष आदरणीय श्री जगदानंद सिंह जी का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष आदरणीय श्री जगदानंद सिंह जी का सकारात्मक व गुणात्मक परिवर्तन के लिए सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने 85 वर्ष की उम्र में भी जिस कर्मठता, समर्पण, त्याग, अनुशासन एवं लगन के साथ इस महती ज़िम्मेदारी का निर्वहन किया वह वर्णन से परे है।”
रिपोर्ट: मनीष कुमार