पटना: राजधानी पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक भतीजे ने अपने ही रिटायर्ड चाचा को घर में घुसकर गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
कंकड़बाग के चिरैयाटांड इलाके में शनिवार को सूरज यादव (60) की उनके भतीजे झुंझुनू यादव (उर्फ सत्येंद्र यादव) ने गोली मारकर हत्या कर दी। सूरज यादव हाल ही में सचिवालय से रिटायर हुए थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भतीजे ने अपने चाचा पर दो गोलियां दागीं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया।बताया जा रहा है कि आरोपी झुंझुनू यादव एक पूर्व सैनिक है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शनिवार को सूरज यादव अपने घर में रंगाई-पुताई करवा रहे थे। इसी दौरान, आरोपी झुनझुन यादव उनके घर आया और उनसे कहने लगा, “चाचा, तरक्की आप ही तो कर रहे हैं।” इतना कहकर झुनझुन अपने घर गया, हथियार लाया और लौटकर सूरज यादव को दो गोली मार दी। परिजन आनन-फानन में उन्हें मेदांता अस्पताल ले भागे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, यह मामला पारिवारिक विवाद का प्रतीत होता है। बताया जा रहा है कि चाचा और भतीजे के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतक के परिजनों ने बताया कि आरोपी ने पहले भी चाकू से हमला किया था, जिससे उनके बीच तनावपूर्ण संबंध बने हुए थे।
घटना की सूचना मिलते ही कंकड़बाग थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार आरोपी झुंझुनू यादव की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
इस मामले में सिटी SP पूर्वी परिचय कुमार ने कहा कि सूरज यादव की हत्या उनके ही भतीजे सत्येंद्र यादव उर्फ झुनझुन यादव ने की है। झुनझुन ने घर में घुसकर गोली मारी है। दोनों के बीच हाल में कोई विवाद भी नहीं हुआ था। घटना के बाद से आरोपी फरार है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
रिपोर्ट: गौरव कुमार