आरसीपी सिंह ने ‘आशा’ का किया जनसुराज में विलय, बिहार की राजनीति में नया मोड़

 पटना :  बिहार की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर हुआ है। जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व नेता आरसीपी सिंह ने अपनी पार्टी ‘आप सबकी आवाज’ (आशा) का जनसुराज पार्टी में विलय कर दिया है। यह घोषणा उन्होंने पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की। इस विलय के साथ ही आरसीपी सिंह जनसुराज पार्टी में शामिल हो गए हैं।

पटना में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में, आरसीपी सिंह ने अपनी पुरानी पार्टी के बारे में बात करते हुए कहा कि उन्हें ‘आशा से निराशा’ हुई है। उन्होंने प्रशांत किशोर पर भरोसा जताते हुए कहा कि वह जनसुराज पार्टी के साथ मिलकर बिहार के विकास के लिए काम करेंगे।

आरसीपी सिंह ने 31 अक्टूबर 2024 को अपनी पार्टी ‘आप सबकी आवाज’ का गठन किया था। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आरसीपी सिंह का जनसुराज पार्टी में शामिल होना बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटना है। उनके अनुभव और राजनीतिक ज्ञान से जनसुराज पार्टी को मजबूती मिलने की संभावना है।

इस विलय से 2025 के विधानसभा चुनाव में राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं। जनसुराज पार्टी और आरसीपी सिंह के समर्थक इस गठबंधन को बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय मान रहे हैं। अब देखना यह है कि यह गठबंधन बिहार की राजनीति में क्या बदलाव लाता है।

रिपोर्ट: गौरव कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *