पटना: पटना पुलिस ने लूटपाट के एक मामले में फरार चल रहे एक वांछित अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक पिस्टल, दो खाली मैगज़ीन और नौ ज़िंदा कारतूस के साथ-साथ एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। यह गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर फतुहा-01 अनुमंडल के नदी थाना क्षेत्र से हुई।
पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि 15 नवंबर, 2024 को नदी थाना में दर्ज लूटपाट के मामले का वांछित और फरार अभियुक्त राजेश राय, जेठुली के रामजीवन राय के घर पर छिपा हुआ है। सूचना के सत्यापन के लिए नदी थाना की एक विशेष टीम ने तत्काल उस स्थान पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही अभियुक्त राजेश राय उर्फ राजू राय ने पिछले दरवाज़े से भागने की कोशिश की, लेकिन सशस्त्र बल ने उसे बलपूर्वक पकड़ लिया और विधिवत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद राजेश राय की तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से एक पिस्टल, दो खाली मैगज़ीन और नौ ज़िंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अतिरिक्त, एक मोटरसाइकिल भी ज़ब्त की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त राजेश राय उर्फ राजू राय, पुत्र स्वर्गीय लखन राय, ग्राम दीदारगंज चेकपोस्ट, पटना का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के बाकी सदस्यों को भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
रिपोर्ट: निरंजन कुमार सिंह