जहानाबाद में फल्गु नदी में उफान, तीन गांव जलमग्न; धान के बीज डूबे, प्रशासन अलर्ट

जहानाबाद: झारखंड के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण फल्गु नदी में अचानक आई बाढ़ से जहानाबाद जिले के कई गांवों में पानी घुस गया है। घोसी प्रखंड के छप्पना, दमौआ और खिरौटी गांव सबसे ज़्यादा प्रभावित हुए हैं, जबकि मोदनगंज प्रखंड के गंधार और बंधुगंज गांवों की भी यही स्थिति है। नदी तटबंध के किनारे रहने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

धान के बीज डूबे, किसानों की चिंता बढ़ी

जहानाबाद में फल्गु नदी में उफान, तीन गांव जलमग्न; धान के बीज डूबे, प्रशासन अलर्ट

बाढ़ का पानी खेतों में घुस जाने से किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है। किसान विष्णु कुमार ने बताया कि नदी में अचानक पानी बढ़ने से उनके धान के बीज डूब गए हैं, जिससे धान की रोपाई में दिक्कत आएगी। उन्होंने यह भी बताया कि कई सालों के बाद जून के महीने में फल्गु नदी में इतना पानी आया है। किसानों ने सरकार से नए बीज खरीदने के लिए मदद की गुहार लगाई है, ताकि वे समय पर रोपाई कर सकें।

प्रशासन की पैनी नज़र, राहत कार्य की तैयारी

जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने बताया कि प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए पहले ही लोगों को अलर्ट कर दिया था। नदी किनारे न जाने और नदी के पास रहने वाले लोगों को अपने घर खाली करने के निर्देश दिए गए थे। दो जगहों पर टूटे तटबंध की मरम्मत का काम तेज़ी से चल रहा है।

जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि नदी का जलस्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नज़र बनाए हुए है। ज़रूरत पड़ने पर तुरंत राहत कार्य शुरू किए जाएंगे।

रिपोर्ट: रविश कुमार 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *