जहानाबाद: जहानाबाद जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र के मुरगांव गांव में बुधवार रात एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया, जहां 60 वर्षीय अशोक सिंह उर्फ सरदार जी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। परिजनों को सुबह इस निर्मम हत्या की जानकारी मिली जब मृतक की पत्नी उन्हें जगाने गई।
मिली जानकारी के अनुसार, अशोक सिंह उर्फ सरदार जी बुधवार रात अपने दलान में सो रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उनकी हत्या कर दी। सुबह परिवार के सदस्यों ने उन्हें खून से लथपथ पाया, जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही हुलासगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष पंकज कुमार ने परिजनों से जानकारी ली और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (SFL) की टीम को भी बुलाया गया है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर काम कर रही है।
परिजनों का कहना है कि अशोक सिंह उर्फ सरदार जी का किसी से कोई विवाद नहीं था। स्थानीय लोगों ने भी इस बात की पुष्टि की कि वे हमेशा गली के बगल में अपने दलान में सोते थे और उनका किसी से कोई झगड़ा नहीं था। ऐसे में उनकी हत्या क्यों और किसने की, यह बात सबके लिए एक पहेली बनी हुई है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है और सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है।
रिपोर्ट : रविश कुमार के साथ पीयूष रंजन