पटना में बिहार का पहला डबल डेकर फ्लाईओवर तैयार, 11 जून से होगा लोकार्पण

पटना: राजधानी पटना के ऐतिहासिक अशोक राजपथ पर बिहार का पहला डबल डेकर फ्लाईओवर बनकर तैयार हो गया है। बुधवार, 11 जून 2025 से गांधी मैदान से लेकर एनआईटी तक फैली इस बहुप्रतीक्षित परियोजना की शुरुआत के साथ, शहरवासी अब तीन स्तरों पर यात्रा का अनूठा अनुभव कर सकेंगे। यह फ्लाईओवर शहर की यातायात व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण सुधार लाने वाला है।

इस डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा ₹422 करोड़ से अधिक की लागत से किया गया है। घनी आबादी वाले अशोक राजपथ पर बनी इस संरचना में यातायात को सुगम बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर लेनें तैयार की गई हैं।
ग्राउंड लेवल पर 5.50 मीटर चौड़ी दो समानांतर सर्विस लेन बनाई गई हैं, जो आमजनों के लिए आसान आवागमन सुनिश्चित करेंगी। पहली मंजिल कृष्णा घाट से बीएन कॉलेज तक यातायात को सुविधा प्रदान करती है, जबकि दूसरी मंजिल कारगिल चौक से एनआईटी की दिशा में ट्रैफिक को निर्देशित करती है।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना को पूरा करने के लिए, बीएन कॉलेज, सेंट मेरी चर्च, पीरबहोर थाना, पीएमसीएच और पटना विश्वविद्यालय की बाउंड्री को हटाकर सर्विस लेन को चौड़ा किया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 4 सितंबर 2021 को इस परियोजना की शुरुआत की थी। निर्धारित 36 महीने की समयसीमा के मुकाबले, यह फ्लाईओवर 8 महीने की देरी से यानी कुल 44 महीनों में पूरा किया गया है।

इस डबल डेकर फ्लाईओवर के चालू होने से अब राज्य के किसी भी हिस्से से पीएमसीएच तक पहुंचने के चार विकल्प उपलब्ध होंगे:
जेपी गंगा पथ से दीदारगंज और दीघा की ओर से,गांधी मैदान की ओर से सर्विस लेन के माध्यम से,पटना सिटी (पटना साहिब) की ओर से डबल डेकर फ्लाईओवर द्वारा।सीधे पीएमसीएच पार्किंग तक डबल डेकर फ्लाईओवर से।
पीएमसीएच की मल्टी लेवल पार्किंग को भी तीन अलग-अलग लेनों के माध्यम से अशोक राजपथ और फ्लाईओवर से जोड़ा गया है, जिससे अस्पताल तक पहुंच और भी आसान हो जाएगी।

यह अत्याधुनिक फ्लाईओवर पटना की बढ़ती यातायात समस्याओं के समाधान में एक मील का पत्थर साबित होगा और शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा। इसके लोकार्पण के साथ ही पटना एक आधुनिक यातायात प्रणाली की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ाएगा।

रिपोर्ट: गौरव कुमार 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *