मोकामा/पटना: मोकामा के मरांची थाना क्षेत्र में एक आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर आरोपी और उसके परिवार ने हमला कर दिया, जिसमें एक एसआई (सब-इंस्पेक्टर), एक एएसआई (असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर) सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में से एक, एएसआई शैलेंद्र कुमार सिंह को गंभीर चोटों के कारण मोकामा के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
बाढ़ अनुमंडल के मरांची थाना क्षेत्र में यह घटना तब हुई जब पुलिस टीम एक पंजीकृत मामले में अभियुक्त पोलू सिंह उर्फ धनंजय सिंह को गिरफ्तार करने उसके घर गई थी। मरांची गांव का निवासी धनंजय सिंह और उसके परिजनों ने पुलिस टीम को घेर लिया और उनके साथ हाथापाई और गाली-गलौज शुरू कर दी।
मरांची थाना अध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि आरोपी को बचाने के लिए परिजन उसे घर की छत पर ले गए। जब पुलिसकर्मी आरोपी को पकड़ने छत पर पहुंचे, तो धनंजय सिंह रेलिंग से नीचे गिर गया। इसके बाद, परिजनों ने छापेमारी करने आई पुलिस टीम के साथ मारपीट की और उन पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में एसआई आदर्श कुमार, एएसआई शैलेंद्र कुमार सिंह और एक अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए।
डॉ. अभिलाषा कुमारी ने बताया कि मरांची प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तीनों घायलों को लाया गया था, जहां एएसआई शैलेंद्र कुमार सिंह को उनके सिर में गंभीर चोटों के कारण रेफर किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी और उसके परिजनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
रिपोर्ट: गोविंद कुमार