लालू परिवार में चल रहे उथल पुथल के बीच एक खुशखबरी आई है। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव के घर आज खुशियों ने दस्तक दी है। उनकी पत्नी राजश्री यादव ने एक बेटे को जन्म दिया है, जिससे लालू परिवार में जश्न का माहौल है। तेजस्वी यादव ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर यह खुशखबरी साझा की। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “गुड मॉर्निंग! आखिरकार इंतजार खत्म हुआ! हमारे नन्हे बेटे के आगमन की घोषणा करते हुए बहुत आभारी, धन्य और प्रसन्न हूं। जय हनुमान!” इस पोस्ट के साथ उन्होंने अपने नवजात बेटे के साथ की एक तस्वीर भी साझा की है।
https://x.com/yadavtejashwi/status/1927165629640909025

यह तेजस्वी यादव का दूसरा बच्चा है। इससे पहले मार्च 2023 में उनकी बेटी कात्यायनी का जन्म हुआ था। बेटी के जन्म के बाद अब बेटे के आगमन से लालू प्रसाद यादव एक बार फिर दादा बन गए हैं। जानकारी के अनुसार, राजश्री यादव को रविवार देर शाम कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आज सुबह उन्होंने बेटे को जन्म दिया। मां और नवजात दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
इस खबर के बाद से सोशल मीडिया पर तेजस्वी यादव और उनके परिवार को बधाई देने वालों का तांता लग गया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और समर्थकों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
रिपोर्ट : मनीष कुमार