पटना जंक्शन पर चोरी और उत्पात: पुलिस ने अंतरजिला गिरोह और ट्रांसजेंडर को किया गिरफ्तार

 

पटना: पटना रेलवे पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाने वाले एक अंतरजिला चोर गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया। यह गिरोह मुख्य रूप से पटना, मुंगेर, खगड़िया और बेगुसराय जिलों से ताल्लुक रखता है। इसके साथ ही, ट्रेनों में जबरन वसूली और यात्रियों से बदसलूकी करने वाले तीन ट्रांसजेंडरों को भी पुलिस ने धर दबोचा है, जो गया जिले के रहने वाले हैं। इन कार्रवाइयों से रेलवे परिसर में सक्रिय अपराधियों पर नकेल कसने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

रेलवे पुलिस ने 13 मई को “ऑपरेशन क्लीन” के तहत पटना जंक्शन पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-10 के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे सात व्यक्तियों को रोका गया। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे इन सभी को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी में इनके पास से चोरी किए गए 02 की-पैड मोबाइल, 04 स्क्रीन टच मोबाइल, 01 चांदी का सिक्का, 01 चांदी की सिकड़ी, 02 चांदी की पायल, 01 मोती लगा सोने का मंगलसूत्र, 01 दुर्गाजी का सोने का लॉकेट, 01 सोने का टूटा चैन और 01 इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन बरामद हुए, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 40 हजार रुपये है। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों – साहिल खान (पटना), धर्मेन्द्र पासवान (मुंगेर), सोनू कुमार (खगड़िया), अमित कुमार (बेगुसराय), दीपक कुमार (खगड़िया), प्रभु तांती (खगड़िया) और प्रिंस कुमार (खगड़िया) – ने ट्रेनों में यात्रियों से चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने इनके खिलाफ FIR दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

वहीं, एक अन्य मामले में पुलिस ने ट्रेनों में यात्रियों से जबरन पैसे वसूलने और अभद्र व्यवहार करने वाले तीन ट्रांसजेंडरों को गिरफ्तार किया है। इन पर 29 अप्रैल को गाड़ी संख्या-63252 पर परसा बाजार के पास यात्रियों से मारपीट करने का भी आरोप है। इस घटना के बाद से ही पुलिस इनकी तलाश में जुटी थी। गिरफ्तार किए गए ट्रांसजेंडरों – कारू मांझी, फंटुश कुमार और सादन कुमार – तीनों ही गया जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ भी FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रेलवे पुलिस की इन दोहरी कार्रवाइयों से यात्रियों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने रेलवे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने का आश्वासन दिया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। गिरफ्तार किए गए सभी अभियुक्तों से पूछताछ जारी है और पुलिस उनके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

रिपोर्ट: निरंजन कुमार सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *