अथमलगोला स्टेशन पर चलती ट्रेन से फिसल कर शख्स गंभीर रूप से घायल, पैर कटा

अथमलगोला/पटना: दानापुर मंडल के अथमलगोला रेलवे स्टेशन पर पटना-देवघर पैसेंजर ट्रेन (63210) में चढ़ने के दौरान एक अधेड़ व्यक्ति का पैर फिसल गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका एक पैर कट गया। आनन-फानन में उसे बाढ़ अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

यह दुर्घटना आज दोपहर करीब 1 बजे प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर हुई। ट्रेन खुल चुकी थी और चलती ट्रेन में जैसे ही शख्स ने चढ़ने की कोशिश की, उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन के नीचे चला गया। करीब 10 से 15 फीट तक घसीटने के बाद उसका पैर कट गया। गंभीर हालत में वह प्लेटफॉर्म पर गिर गया और दर्द से कराहता रहा। देखते ही देखते प्लेटफॉर्म पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

स्थानीय लोगों ने तत्काल जीआरपी बाढ़ और स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल व्यक्ति को बाढ़ अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया।

सूत्रों के अनुसार, घायल व्यक्ति बाढ़ बाजार का रहने वाला है और पेशे से बिजली मिस्त्री है। वह अलग-अलग जगहों पर बिजली का काम करता था और दुर्घटना के समय अपने घर बाढ़ लौट रहा था। दुर्भाग्यवश, चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान वह इस गंभीर हादसे का शिकार हो गया।

रिपोर्ट: निरंजन कुमार सिंह 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *