पटना: लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल में एक भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें अस्पताल के निवर्तमान डायरेक्टर डॉ. सुभाष चंद्र को भावुक विदाई दी गई। इस अवसर पर अस्पताल के कई डॉक्टरों और नर्सों ने बुके देकर उनका स्वागत किया और उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।
समारोह के दौरान, LNJP अस्पताल के नए डायरेक्टर के रूप में डॉ. शशि सरजीत का भी गर्मजोशी से स्वागत किया गया। डॉक्टरों और नर्सों ने उन्हें भी बुके भेंट कर उनके नए कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। यह कार्यक्रम डॉ. सुभाष चंद्र के महत्वपूर्ण योगदानों को याद करने और डॉ. शशि सरजीत के नेतृत्व में अस्पताल के नए अध्याय की शुरुआत का प्रतीक था।
बगीचे जैसा था यह अस्पताल: डॉ. सुभाष चंद्र
विदाई समारोह में पत्रकारों से बात करते हुए डॉ. सुभाष चंद्र ने कहा कि यह अस्पताल मेरे लिए उस बगीचे जैसा है जिसे मैंने शुरुआती दिनों से सींचा है। जैसे एक पौधे को लगाकर उसके फल आने का इंतज़ार करते हैं, वैसे ही हम लोगों की टीम ने मिलकर इसे खड़ा किया। आज, हमने इस अस्पताल की कमान ऐसे व्यक्ति को सौंपी है, जो इसके शुरुआती दिनों से ही इसके “चिकित्सक” रहे हैं। उन्हें इस अस्पताल की नस-नस की जानकारी है।
जब मैं यहाँ ओएसडी के रूप में आया था तो इस अस्पताल की नीव रखी गई थी, बढ़ते-बढ़ते यह अस्पताल हड्डी का सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल के रूप में उभरा। मुझे पूरी उम्मीद है कि यह अस्पताल और भी ऊँचाइयों को छुएगा और बेहतर प्रदर्शन करेगा। यह अस्पताल पूरी दुनिया में एक कीर्तिमान स्थापित करने जा रहा है, और इसका पूरा श्रेय हमारे डॉक्टरों और स्टाफ के अथक सहयोग को जाता है। अकेले मैं यह सब नहीं कर सकता था। यह इन्हीं के समर्पण और कड़ी मेहनत का परिणाम है कि आज यह अस्पताल इतना विशाल रूप ले चुका है।
रिपोर्ट: पृथ्वीराज