पटना: पटना जंक्शन पर यात्रियों से टिकट के नाम पर अधिक पैसे वसूलने का एक हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में पटना जंक्शन की एक महिला रेलकर्मी यात्रियों के साथ धोखाधड़ी करती दिख रही है। मामले का संज्ञान लेते हुए दानापुर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) ने तत्काल प्रभाव से उस महिला कर्मी को निलंबित कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
https://x.com/Index_Magadh/status/1935917192622624907?t=sgx366dN2fvArrQnNzD2gQ&s=08
वायरल वीडियो के अनुसार, एक युवक ने पटना से उज्जैन के लिए दो टिकट खरीदे थे। इन टिकटों का वास्तविक मूल्य ₹650 था। युवक ने महिला कर्मी को ₹700 दिए। हालांकि, शुरुआत में महिलाकर्मी ने टिकट के लिए ₹840 मांगे। जब यात्री ने इस पर सवाल उठाया, तो उसने कीमत बदलकर ₹640 बताई। ₹700 में से ₹640 काटने पर युवक को ₹60 वापस मिलने चाहिए थे, लेकिन महिला कर्मी ने सिर्फ ₹20 ही लौटाए।
इसके बाद, महिलाकर्मी ने यह कहकर यात्री को भ्रमित करने की कोशिश की कि एक व्यक्ति का किराया ₹340 है, जिससे दो लोगों का कुल किराया ₹680 बनता है। यात्री ने फिर टिकट पर छपे ₹325 प्रति व्यक्ति के किराए का हवाला देते हुए बताया कि दो लोगों का कुल किराया ₹650 ही होता है। इस पर, महिलाकर्मी ने ₹50 ‘सुपर चार्ज’ होने की बात कहकर बात को उलझाने का प्रयास किया। हालांकि, युवक सतर्क रहा और अंततः उसने अपने पूरे पैसे वापस ले लिए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
DRM दानापुर का तत्काल एक्शन
https://x.com/drmdnr/status/1935917976030499092?t=2VjUF7ILyRNjFQfEDPszGQ&s=08
वीडियो वायरल होने के बाद, रेलवे प्रशासन हरकत में आया। दानापुर के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रभाव से उस महिला रेलकर्मी को निलंबित (Suspend) कर दिया। महिला कर्मी की पहचान अभी उजागर नहीं की गई है, लेकिन यह स्पष्ट है कि वह पटना जंक्शन पर टिकट काउंटर पर कार्यरत थी। रेलवे ने धोखाधड़ी के इस मामले पर त्वरित कार्रवाई कर यह संदेश दिया है कि यात्रियों के साथ किसी भी तरह की हेराफेरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रिपोर्ट: निरंजन कुमार सिंह