अथमलगोला स्टेशन पर भीषण गर्मी में मिली यात्रियों को राहत, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों का प्रयास लाया रंग

अथमलगोला स्टेशन पर भीषण गर्मी में मिली यात्रियों को राहत, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों का प्रयास लाया रंग

अथमलगोला/पटना: दानापुर रेल मंडल के अथमलगोला स्टेशन पर भीषण गर्मी के बीच यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों के अथक प्रयास से स्टेशन पर बुनियादी यात्री सुविधाओं का विस्तार शुरू हो गया है, जिससे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल अंतर्गत अथमलगोला रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा में सुधार के लिए लंबे समय से चला आ रहा संघर्ष अब रंग लाने लगा है। स्थानीय पत्रकार निरंजन कुमार सिंह के नेतृत्व में स्थानीय नेता आशुतोष कुमार अमित, सामाजिक कार्यकर्ता आचार्य विकास पाठक, संतोष कुमार सिंह और कृष्ण मुरारी सहित एक छोटे प्रतिनिधिमंडल ने कुछ समय पहले दानापुर मंडल कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक जयंत कुमार चौधरी और अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) आधार राज से मुलाकात की थी। इस बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने भीषण गर्मी के मद्देनजर स्टेशन पर पेयजल, पंखे और शेड जैसी आवश्यक सुविधाओं के निर्माण की ओर ध्यान आकर्षित कराते हुए विभिन्न यात्री समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया था।

इस मुलाकात का सकारात्मक परिणाम अब जमीन पर दिखने लगा है। शनिवार को अथमलगोला स्टेशन के दोनों प्लेटफार्मों पर यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 04 पंखे लगाए गए और उन्हें तुरंत चालू कर दिया गया। इसी दिन पेयजल के लिए मोटर नल जल के काम भी शुरू कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को शुद्ध पानी मिल पाएगा। इसके अलावा, यात्री शेड के लिए प्लेटफार्म पर विभिन्न स्थानों को चिह्नित किया जा रहा है, और उम्मीद है कि जल्द ही इस पर भी काम शुरू हो जाएगा।

अथमलगोला स्टेशन पर भीषण गर्मी में मिली यात्रियों को राहत, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों का प्रयास लाया रंग

जानकारी के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में मंडल के किसी वरिष्ठ अधिकारी का दौरा भी इस स्टेशन पर संभव हो सकता है, जिससे चल रहे कार्यों को और गति मिल सकती है।

अथमलगोला रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों के लिए बुनियादी सेवाओं का विस्तार होने से स्थानीय लोगों और रेल यात्रियों में काफी खुशी है। स्टेशन पर समग्र यात्री सेवा में सुधार के लिए प्रयास करने वाले पत्रकार निरंजन कुमार सिंह, स्थानीय नेता आशुतोष कुमार अमित, स्थानीय आचार्य विकास पाठक, संतोष सिंह, कुंदन सिंह, राजेश कुमार और मुकेश पाठक सहित सभी ने मंडल रेल प्रबंधक जयंत कुमार चौधरी, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) आधार राज और वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ का हृदय से धन्यवाद और आभार व्यक्त किया है। यह पहल निश्चित रूप से भीषण गर्मी में यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत साबित होगी।

रिपोर्ट: निरंजन कुमार सिंह 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *