पटना: राजधानी पटना के परसा बाजार थाना क्षेत्र के मोकीमपुर गांव में एक बर्थडे पार्टी के दौरान हुए विवाद में 20 वर्षीय सन्नी कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है।
मोकीमपुर में बर्थडे पार्टी बनी खूनी अखाड़ा
जानकारी के अनुसार, मोकीमपुर गांव निवासी राहुल कुमार के घर पर एक बर्थडे पार्टी का आयोजन किया गया था, जिसमें सन्नी कुमार भी शामिल था। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक आरोपी युवक ने सन्नी कुमार के सीने में गोली मार दी। गोली लगने से सन्नी गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही सन्नी ने तोड़ा दम
घायल सन्नी को तत्काल पुनपुन स्थित एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक सन्नी का घर आरोपी राहुल कुमार के घर से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित है।
आपराधिक इतिहास वाला था सन्नी,पुलिस जांच में जुटी
परसा बाजार थाना प्रभारी मेनका रानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी के मुताबिक, मृतक सन्नी कुमार का आपराधिक रिकॉर्ड था और उस पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे। उसे पूर्व में जेल भी भेजा जा चुका था। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
रिपोर्ट: गौरव कुमार