इस्लामपुर, नालंदा: नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के कोविल मोड़ के पास रविवार को एक तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार पुरोहित को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उनके एक सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मृतक की पहचान जहानाबाद के हुलासगंज थाना क्षेत्र के सुकियामा गांव निवासी स्वर्गीय रामवृक्ष शर्मा के बेटे वीरेंद्र शर्मा (50) के रूप में हुई है।
हुलासगंज थानांतर्गत आने वाले सुकियामा गाँव के रहने वाले वीरेंद्र शर्मा, जो एक प्रसिद्ध कथाकार थे और आस पास के जिलों में रामचरितमानस का पाठ करने जाते थे, अपनी बाइक से बिहार शरीफ जा रहे थे। उनके साथ जहानाबाद जिला के काको थाना क्षेत्र के मनियामा गांव निवासी मुकेश कुमार भी थे। कोविल मोड़ के पास पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित बालू लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से वीरेंद्र शर्मा सड़क पर गिर गए और ट्रैक्टर का पिछला पहिया उनके सिर पर चढ़ गया। हेलमेट पहने होने के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। वहीं, सहयोगी मुकेश कुमार को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें इस्लामपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
वीरेंद्र शर्मा की अचानक हुई मौत से उनके परिजनों और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वह जहानाबाद सहित आसपास के कई जिलों में कथावाचक के रूप में जाने जाते थे। इस घटना के बाद इस्लामपुर थाना अध्यक्ष अनिल कुमार पांडे ने बताया कि ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है, हालांकि चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया है और गाड़ी नंबर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट : रविश कुमार